किशोर की मोत के बाद जाम लगाए लोगों को समझाती पुलिस
मेंहदावल। नगर पंचायत में स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान बुधवार की भोर में किशोर की मौत हो गई। आक्रोेशित परिजनों लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे और अस्पताल के सामने सड़क जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस अस्पताल के चिकित्सक और स्टाफ के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार बेलहर थाना क्षेत्र के बेलहर खुर्द निवासी राजेंद्र प्रसाद ने अपने बेटे सत्यम (12) को मंगलवार की दोपहर तीन बजे मेंहदावल कस्बे में स्थित सानिध्य हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। वह टायफायड, पीलिया आदि बीमारी से पीड़ित था। सत्यम का उपचार अस्पताल में चल रहा था और बुधवार की सुबह 4:30 बजे उसकी की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल चिकित्सक और स्टाफ ने उपचार में लापरवाही बरती है। जिसके कारण सत्यम की मौत हुई है।
किशोर की मौत होने के बाद से परिवार के लोग अस्पताल में हंगामा करने लगे और सामने सड़क को जाम कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे और परिवार के सदस्यों को शांत कराया। उन्होंने बताया कि इस मामले में राजेंद्र प्रसाद की तहरीर पर सानिध्य हॉस्पिटल के चिकित्सक व स्टाफ के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई है।
कोट
अस्पताल प्रबंधन ने किशोर के गंभीर होने की बात कहते हुए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने को कहा था। लेकिन परिजनों के बार-बार अनुरोध के बाद अस्पताल में उसे भर्ती कर जिम्मेदारी पूर्वक उपचार किया गया। समय रहते हुए उसे रेफर भी किया गया। चिकित्सक व स्टाफ की लापरवाही से किशोर के मौत होने का आरोप गलत है।
-डॉ. अमरनाथ तिवारी, संचालक, सानिध्य हॉस्पिटल
कोट
अस्पताल पंजीकृत नहीं है। सीएचसी के प्रभारी को निर्देश दिया गया है कि अस्पताल को सील कराते हुए वहां के संचालक पर केस दर्ज कराने की कार्रवाई करें। इसके साथ ही पूरे प्रकरण की जांच का निर्देश दिया गया है।
-डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रभारी सीएमओ