धर्मसिंहवा। खेत की जुताई के दौरान चलते ट्रैक्टर से उतरने के प्रयास के दौरान किशोर की रोटावेटर में फंसने से मंगलवार को दर्दनाक मौत हो गई। घटना क्षेत्र के अमरहा गांव स्थित युवक के ननिहाल में हुई। किशोर ज्यादातर ननिहाल में ही रहता था। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
अमरहा गांव में मंगलवार को दिन में खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर से उतरते वक्त धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के ही कंवरकवरी गांव निवासी शुभम यादव (16) पुत्र बबलू की मौत हो गई। खेत की जुताई उसके चचेरे मामा कर रहे थे। बताया जा रहा था कि खेत का अंतिम पहटा की जोताई के दौरान शुभम ड्राइवर सीट के पीछे बने रिफ्लेक्टर को पड़कर मेड़ पर उतरने का प्रयास कर रहा था। रिफ्लेक्टर के टूट जाने के कारण ट्रैक्टर और रोटावेटर के बीच गिर गया। रोटावेटर की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।
शुभम अपने नाना राम उजागिर के यहां ज्यादातर रहा करता था। शुभम की मां ही अकेली राम उजागिर की बेटी हैं। घटना के बाद अमरहा और कंवर कवरी गांव से भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। घटना से परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रोटावेटर के नट बोल्ट खुलवाकर काफी मशक्कत करने के बाद शव को बाहर निकलवाया। बताया जा रहा है शुभम के परिवार में बुधवार को एक लड़की की शादी भी है।