महुली। महुली थानाक्षेत्र के दोकड़ा गांव के सिवान में क्राॅप सर्वे कर रहे कृषि विभाग के एक तकनीकी सहायक को गांव के मनबढ़ों ने चोर कहकर पीट दिया। वह गांव के सिवान में मोबाइल अप्लीकेशन के जरिए क्राॅप सर्वे कर रहे थे। मारपीट में चोटिल तकनीकी सहायक ने जब इस मामले में तहरीर देने की बात कही तो मनबढ़ों ने उन्हें धमकी भी दी।
नाथनगर में कृषि विभाग में तकनीकी सहायक के तौर पर तैनात रामजी चौधरी दोकड़ा गांव के सिवान में मंगलवार की दोपहर में क्राॅप सर्वे कर रहे थे। इसी दौरान दोकड़ा गांव के ही सात आठ की संख्या में मनबढ़ युवक पहुंच गए। उन्होंने उनको चोर-चोर कहकर पीटना शुरू किया। जबकि उन्होंने बताया कि वह क्राॅप सर्वे के लिए आए हुए हैं और कुछ लोगों ने पहुंचकर बीच-बचाव किया तब मनबढ़ वहां से चले गए।
मामले की तहरीर देने के लिए थाने जाने लगे तो मनबढ़ाें ने दक्षिण चौराहे के पास उनको घेर लिया और कहा कि अगर मामले में तहरीर दोगे तो हम लोग भी तहरीर देंगे कि घर में घुसने का प्रयास कर रहे थे। यही नहीं मारने पीटने की भी धमकी दी।
इस संबंध में पूछे जाने पर महुली थानाध्यक्ष रजनीश राय ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। अगर इस मामले में कोई तहरीर मिलती है तो केस दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।