पदोन्नति वेतनमान की मांग को लेकर विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बुधवार को जिलाध्यक्ष अरविंद चौधरी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन डीएम को दिया।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अरविंद चौधरी और महामंत्री केशरी लाल ने कहा कि पदोन्नति वेतन का भुगतान तत्काल किया जाए। शिक्षकों को पदोन्नति हुए लगभग एक साल होने जा रहा है।
विभाग लगातार लापरवाही कर रहा है। उन्होंने कहा कि पदोन्नति वेतनमान को लेकर कई बार शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मिला गया, लेकिन अधिकारी सुनते नहीं है। आश्वासन ही देते हैं।
पिछले 20 जनवरी को अपर एसडीएम ने आश्वासन दिया था कि 25 जनवरी तक पदोन्नति वेतन मान मिल जाएगा पर नहीं मिला। अधिकारी उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देते हैं।
पदोन्नति वेतनमान के साथ 17140 रुपये वेतनमान का भुगतान माह जनवरी के वेतन के साथ किया जाए। 2004 बैच के शिक्षकों का जीपीएफ कटौती तत्काल प्रभाव में किया जाए।
प्रत्येक माह वेतन का नियमित भुगतान एक या दो तारीख में किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षु शिक्षकों का मानदेय का भुगतान भी हो और दो सत्यापन पर वेतन भुगतान किए जाए जिससे कि समय से उनको वेतन मिल सके। उन्होंने कहा कि उनकी मांगें नहीं मानी गई तो एक मार्च से संगठन अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू करेगा।
जिसकी सारी जिम्मेदारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की होगी। इस अवसर पर मारकंडेय राय, रामउजागिर दुबे, साकेत कुमार राय, अरुण कुमार मिश्र, हरिकिशोर सिंह, सुुभाष चुद, रामगोपाल, नवीन त्रिपाठी, अभिषेक श्रीवास्तव, राधेश्याम चौरसिया, प्रमोद ओझा, जितेंद्र कुमार सिंह, राजेश कुमार पांडेय, हीरालाल भारती, अरूण कुमार यादव समेत अन्य मौजूद रहे।