- होली को लेकर स्वास्थ्य महकमा सतर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। होली पर्व को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। सीएचसी पीएचसी पर चिकित्सकों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। इसके साथ ही एंबुलेंस चालकों को सतर्क कर दिया गया है। ताकि कोई अप्रिय घटना घटित होने पर तत्काल एंबुलेंस मौके पर पहुंच जाए और इलाज शुरू हो सके।
सीएमओ डॉक्टर अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि होली के पर्व को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है। इस दिन लोग रंगों में सराबोर होते है। अक्सर ही कुछ न कुछ घटनाएं होती रहती है। इसलिए पहले ही तैयारी कर ली गई है। समस्त सीएचसी-पीएचसी पर चिकित्सकों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। इसके अलावा एंबुलेंस को भी सतर्क कर दिया गया है। ताकि कोई घटना घटित होने पर तत्काल मौके पर एंबुलेेंस भेजी जा सके। इसके लिए सभी सीएचसी और पीएचसी प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि अपने अपने अस्पतालों पर होली को लेकर तैयारी जारी रखें। इमरजेंसी में सभी प्रकार की दवाएं व अन्य जरूरी उपकरण मौजूद रहें। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. ओपी चतुर्वेदी ने बताया कि जिला अस्पताल में चर्म रोग, हड्डी रोग विशेषज्ञ की अतिरिक्त ड्यूटी निर्धारित की गई है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई है।