उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की सर्वदलीय बैठक में लिया गया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की सर्वदलीय बैठक मौलाना आजाद इंटर कॉलेज खलीलाबाद में शनिवार को हुई। इसमें सात सूत्री मांगों को लेकर प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के बहिष्कार का निर्णय लिया गया। संघर्ष को प्रभावी बनाने के लिए जिला समन्वय समिति का गठन किया गया। महेश राम को जिला संयोजक व ब्रह्मदेव सिंह को सह संयोजक बनाया गया।
मंडलीय मंत्री संजय द्विवेदी ने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षकों के हितों की अनदेखी कर रही है। पुरानी पेंशन योजना की बहाली के लिए आरपार का संघर्ष किया जाएगा। संघर्ष को अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए अन्य संगठनों से भी सहयोग मांगा जाएगा। उन्होंने कहा कि एनपीएस धारक शिक्षकों के प्रान खातों में पूर्ण राशि (राज्यांश सहित) दर्शाई जाए।
उन्होंने कहा कि अद्यतन तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण हो और रोके गए वेतन को तत्काल निर्गत किया जाए। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाओं एवं मूल्यांकन सहित सभी दरों को सीबीएसई के बराबर किया जाए एवं वर्ष 2018 से अब तक के सभी अवशेषों का शीघ्र भुगतान किया जाए।
अध्यक्षता जिलाध्यक्ष महेश राम व संचालन जिला मंत्री गिरिजानंद यादव ने किया। इस दौरान शोएब अहमद सिद्दीकी, विनोद चौरसिया, अब्दुल मुद्दसीर खान, विजय यादव, विंध्याचल सिंह, पुनीत कुमार त्रिपाठी, मोहम्मद अकील, काजी साकिव रहमान, शैलेंद्र कुमार, अब्दुल हक आदि मौजूद रहे।