सिचाई विभाग के कार्यालय में रोडवेज बस स्टेशन के लिए जगह का निरीक्षण करते डीएम संदीप कुमार।संवाद
डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण, लोगों से जानकारी भी ली
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला मुख्यालय पर बस स्टेशन लिए चिह्नित की गई सिंचाई ड्रेनेज खंड-दो की जमीन का शनिवार को डीएम संदीप कुमार व एसपी सत्यजीत गुप्ता ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से जानकारी भी ली।
वर्ष 1997 में जनपद का सृजन हुआ था, लेकिन जिला मुख्यालय पर रोडवेज का बस स्टेशन नहीं बन पाया है। इसकी वजह से यात्री मेंहदावल बाईपास पर वाहनों की प्रतीक्षा करते हैं। बस स्टेशन निर्माण की पहल वर्षों से हो रही है, लेकिन नतीजा सिफर रहा है। प्रशासन की ओर से इसके लिए सरैया के पास कास्तकारों की जमीन चिह्नित की गई थी।
परिवहन निगम ने निशुल्क जमीन उपलब्ध कराने की मांग की। सांसद प्रवीण कुमार निषाद ने पहल की और खलीलाबाद स्थित ड्रेनेज खंड-दो के परिसर को बस स्टेशन बनाने का प्रस्ताव परिवहन निगम को दिया। इस संबंध में परिवहन निगम ने डीएम को पत्र लिखकर चिह्नित जमीन को निशुल्क उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
पूर्व में डीएम ने तहसीलदार से रिपोर्ट लेकर ड्रेनेज खंड-दो की जमीन के संबंध में प्रमुख सचिव परिवहन को पत्र भेज दिया था। ड्रेनेज खंड की 19 हेक्टेयर जमीन है। इसी में आवास भी है। शनिवार को डीएम संदीप कुमार व पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता ने पहले सरैया में चिह्नित कास्तकारों की जमीन का निरीक्षण किया।
बाद में चीनी मिल की जमीन को भी देखा। अंत में ड्रेनेज खंड के एक्सईएन कार्यालय में पहुंच कर वहां का निरीक्षण किया। डीएम ने बताया कि यहां पर कुल 1.8 एकड़ जमीन है। यहां पर ड्रेनेज खंड-दो के कार्यालय सहित आवास भी बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि जमीन के मौके की स्थिति की रिपोर्ट प्रमुख सविच परिवहन को भेजकर अपने स्तर से कार्यवाही करने की बात कही है।