समायोजन में अनियमितता को लेकर प्रदर्शन करते प्राथमिक शिक्षक संघ के लोग-स्रोत शिक्षक
संतकबीरनगर। परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों के समायोजन में अनियमितता का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को प्राथमिक शिक्षक संघ ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने पारदर्शी तरीके से समायोजन की मांग की। डीएम के न मिलने पर शिक्षकों ने अपर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
प्राथमिक शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष अंबिका देवी ने कहा कि जिले में समायोजन प्रकिया को सम्पन्न करने का दावा किया जा रहा है जबकि समायोजित शिक्षकों की सूची जारी नहीं किया गया है। सरप्लस शिक्षकों एवं आवश्यकताओं वाले विद्यालयों की न तो सूची जारी की गयी और न ही काउंसलिंग कराई गयी। बिना पारदर्शिता के गोपनीय एवं मनमाने तरीके से समायोजन किया गया है। जबकि कई जनपदों में काउंसिलिंग कराकर समायोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में बिना काउंसलिंग के समायोजन किया गया है। महिला शिक्षकों की अनदेखी कर दूर के विद्यालयों में समायोजित किया गया है। उच्च प्राथमिक विद्यालयों में टीईटी पास न करने का हवाला देकर शिक्षकों को रोक दिया गया है। जबकि इस आशय का अभी तक ऐसा कोई भी पत्र विभाग द्वारा जारी नहीं किया गया है। इस दौरान केसी सिंह, जयभान चौधरी, विजयनाथ यादव, ओमप्रकाश यादव आदि मौजूद रहे।