संतकबीरनगर। जिले के शिक्षक टीईटी के विरोध में मुखर हैं। वे काली पट्टी बांधकर शिक्षक शिक्षण कार्य कर रहे हैं। मंगलवार को जिले के सभी नौ ब्लाॅकों में प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया। बोर्ड परीक्षा में भी काली पट्टी बांधकर ड्यूटी की।प्रशिक्षण में भी काली पट्टी बांधे रखे।
जिलाध्यक्ष अंबिका देवी यादव ने कहा कि क्रमिक आंदोलन के दूसरे दिन भी शिक्षक टीईटी के विरोध में मुखर हैं। संगठन के आह्वान पर सभी शिक्षक दूसरे दिन भी जनपद के सभी नौ ब्लाॅकों के समस्त शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया।
उन्होंने शिक्षकों का आह्वान किया कि परिषदीय विद्यालय के शिक्षक जिनकी ड्यूटी बोर्ड परीक्षा अथवा प्रशिक्षण में ड्यूटी लगी है। वहां भी काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराएं। यह विरोध तीन दिन तक जहां भी रहें जताते रहें।
जिला उपाध्यक्ष जफीर अली करखी ने बताया कि टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त संगठन टीईटी के विरोध में एकजुट हैं। 26 फरवरी को दिन में दो बजे से बीएसए कार्यालय पर होने वाले धरने में भी बड़ी संख्या में शामिल हों। धरने के बाद प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से दिया जाएगा। मंत्री केसी सिंह ने धरने में सभी शिक्षकों के पहुंचने की अपील की। इस दौरान संरक्षक गंगा प्रसाद यादव, विजय नाथ यादव, केसी सिंह, रामसरन यादव, जफीर अली, मो आजम, अरुण यादव, मो शोएब अख्तर, जयभान चौधरी, अभिनव प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।