रोसयाबाजार। ब्लाॅक संसाधन केंद्र पौली के पूर्व माध्यमिक विद्यालय शनिचरा बाजार में मंगलवार को बेसिक शिक्षा व बाल विकास पुष्टाहार विभाग की ओर से ब्लाॅक स्तरीय हमारा आंगन-हमारे बच्चे उत्सव का आयोजन किया गया। बाल वाटिका के निपुण बच्चे, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को उत्कृष्ट कार्य करने पर पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सीडीपीओ अनुज कुमार, विशिष्ट अतिथि सीडीपीओ मेंहदावल गरिमा पांडेय, सीएम फेलो अंकित तिवारी व खण्ड शिक्षाधिकारी अर्जुन प्रसाद वर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया।
सीडीपीओ अनुज कुमार ने कहा कि कान्वेंट की तरह अब परिषदीय विद्यालयों में एलकेजी व यूकेजी की भांति प्री-प्राइमरी का संचालन किया जाएगा। इसके लिए एजुकेटरों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। भर्ती पूरी होने तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व शिक्षकों के आपसी सामंजस्य से चलाया जाएगा। परिषदीय स्कूल किसी कानवेंट विद्यालय से कम नहीं है। आप सभी ऊर्जा व लगन से कार्य करें। सीडीपीओ गरिमा पांडेय ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रामायण की जामवंत हैं। इन्हें सिर्फ समय-समय बल का अंदाजा लगाते रहना चाहिए। सीएम फेलो अंकित तिवारी ने कहा कि शिक्षण कार्य के दौरान टीएलएम व वंडर बाक्स का उपयोग अवश्य करे। इससे बच्चों में तेजी से सीखने की भावना जागृत होगी।
राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक विनोद पांडेय, एआर पी रुदल प्रसाद, महेंद्र प्रसाद, हरीराम यादव व दिलीप कुमार ने प्री प्राइमरी, बाल बाटिका एंव माता उन्मुखीकरण, लर्निंग कार्नर के बारे मे विस्तार से बताया। इस दौरान आदर्श मणि त्रिपाठी, हरिओम त्रिपाठी, अभय दुबे, दीपक यादव, उर्मिला, सरोज यादव, रश्मि यादव, राजकुमार, नरेंद्र कुमार, राममोहन शुक्ला, रमेश, पंकज, कौशलेंद्र प्रताप, राकेश, संतोष तिवारी आदि मौजूद रहे।