मिड डे मील में हेराफेरी और प्रशिक्षु शिक्षक के ज्वाइनिंग में सफेदा लगाना एक हेडमास्टर को भारी पड़ गया है। खंड शिक्षा अधिकारी की जांच में मामला सही मिला। जिस पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक को निलंबित करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है।
बीएसए महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मेंहदावल ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय इमलीडीहा का निरीक्षण खंड शिक्षा अधिकारी अशोक राय ने 14 दिसंबर को किया था।
बीईओ की जांच में मिड डे मील में काफी हेराफेरी पाई गई। हर दिन छात्र संख्या अधिक दिखाई गई जबकि मौके पर छात्र संख्या कम मिली है।
इसके साथ ही प्रशिक्षु शिक्षक के ज्वाइनिंग मे रजिस्टर पर सफेदा लगाया गया था। जो अनियमितता की श्रेणी में आता है। यही नहीं विद्यालय पर शिक्षण व्यवस्था अति न्यून पाई गई है। विद्यालय परिसर काफी गंदा पाया। छात्र संख्या भी कम थी। विद्यालय में रजिस्टर मेंटेन नहीं था।
उन्होंने कहा कि खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट पर प्राथमिक विद्यालय इमलीडीहा के प्रधानाध्यापक सोना सिंह को निलंबित करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने बताया कि विद्यालयों का लगातार निरीक्षण कराया जा रहा है जहां भी कमियां मिल रही है वहां कार्रवाई की जा रही है।