दूरी पांच किलोमीटर, किराया 20 रुपये
कोरोना काल में मनमानी किराया वसूल रहे हैं टैक्सी चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। कोरोना काल में टैक्सी चालक मनमानी किराया वसूल कर यात्रियों की जेबें खाली कर रहे हैं। कोरोना के पहले जितनी दूरी लोग पांच रुपये में तय कर लेते थे, अब वही दूरी 20 रुपये में तय करनी पड़ रही है। किराए को लेकर आएदिन धनघटा में यात्रियों और टैक्सी चालकों से विवाद भी होता रहता है।
यात्री रामसजीवन, सुखराम, सुमिरन, प्रभावती, आंचल, कमला का कहना है कि धनघटा से खलीलाबाद की दूरी 26 किलोमीटर है। कोरोना काल के पहले किराया 25 रुपये लगता था, अब उतनी ही दूरी का 60 रुपये भाड़ा देना पड़ता है। हैंसर और धनघटा के बीच महज चार किलोमीटर दूरी है, पहले पांच रुपये भाड़ा लगता था, अब टैक्सी चालक यात्रियों से 20 रुपये ले रहे हैं। इसी तरह पौली, उमरिया बाजार, बिड़हर घाट का किराया दोगुना से तिगुना वसूला जा रहा है। किराया अधिक लेने का कारण टैक्सी चालक कम सवारी का बैठाना बता रहे हैं। टैक्सी चालक रामवीर कहते हैं कि पहले जहां 10 से 15 सवारी बैठा कर जाते थे, अब वहीं चार से सात सवारी बैठानी पड़ रही है। दीनानाथ का कहना है कि कम सवारी बैठाना तो पड़ ही रहा है साथ ही साथ डीजल के दाम में भी बढ़ोत्तरी हो गई है। इसके कारण भाड़ा बढ़ाना पड़ा है। यात्रियों का कहना है कि गोरखपुर से सिकरीगंज 35 किलोमीटर की यात्रा करने पर किराया 40 रुपये लगता है और सिकरीगंज से धनघटा तक महज 20 किलोमीटर का भाड़ा 60 रुपये देना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना था कि अधिकारी टैक्सी चालकों के मनमानेपन की तरफ ध्यान नहीं दे रहे है। इसलिए चालक यात्रियों की जेब पर डाका डाल रहे हैं। इस संबंध में एसडीएम धनघटा नवीन श्रीवास्तव ने बताया कि इतना किराया लेना गलत है। इस संबंध में जल्द कार्रवाई की जाएगी।