मगहर। संतकबीर की परिनिर्वाण स्थली मगहर स्थित प्राचीन पंचवटी शिव मंदिर के बगल में बने घाट के पास नगर पंचायत द्वारा लगवाई गई पेयजल टोटियां शोपीस बनकर रह गई हैं। अब तक पानी की टंकी का निर्माण न होने से लोगों को पेयजल का लाभ नहीं मिल रहा है।
इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर सामाजिक कार्यकर्ता अब्दुर्रहमान उर्फ विक्की खान ने की है। नगर पंचायत मगहर में घाट पर आने जाने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल के लिए दो प्याऊ बनाकर टोटियां लगाई गई थीं। इसका उद्देश्य था कि मंदिर व घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद प्याऊ के ऊपर पानी की टंकी नहीं लगाई गई। इससे पूरी व्यवस्था अधूरी पड़ी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी में घाट और मंदिर परिसर में आने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। पेयजल व्यवस्था अधूरी होने के कारण लोगों को स्वयं वैकल्पिक व्यवस्था से पानी की जरूरत पूरी करनी पड़ती है।
इस मामले को लेकर नगर पंचायत मगहर निवासी अब्दुल रहमान उर्फ विक्की खान ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए अधूरी पड़ी पेयजल व्यवस्था को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लाखों रुपये खर्च कर लगाइ्र गई टोटियां बिना टंकी के बेकार हैं। संबंधित विभाग को जल्द इस ओर ध्यान देना चाहिए। स्थानीय नागरिकों ने भी नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुविधा को देखते हुए जल्द पानी की टंकी लगाकर पेयजल व्यवस्था सुचारु कराई जाए।
इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष अनवरी बेगम ने कहा कि इस समस्या को संज्ञान में लिया गया है, जल्द ही पेयजल व्यवस्था ठीक कराई जाएगी।