सावन में भक्तों के लिए नहीं खुलेगा तामेश्वरनाथ मंदिर : डीएम
डीएम व एसपी ने लिया जायजा, एसडीएम ने बैठक कर दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिहरपुर(संतकबीरनगर)। सोमवार से शुरू होने वाले श्रावण मेले के आयोजन को लेकर डीएम रवीश गुप्ता और एसपी ब्रजेश सिंह ने शनिवार को तामेश्वरनाथ मंदिर परिसर का जायजा लिया। वहीं मौजूद जिम्मेदारों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सावन में एक महीना भक्तों के लिए मंदिर बंद रहेगा।
सावन में श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर एसडीएम की मौजूदगी में बैठक का आयोजन भी हुआ। जिसमें मंदिर के जिम्मेदारों की मौजूदगी में इस बात का निर्णय लिया गया कि सावन में भक्तों के लिए मंदिर बंद रखा जाएगा क्योंकि मंदिर खुलने पर भीड़ को नियंत्रित करना काफी मुश्किल होगा। कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन गंभीर है। तामेश्वरनाथ धाम में आयोजित होने वाले सावन मेले में जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ने का खतरा है जिसे ध्यान में रखते हुए शनिवार को मंदिर के जिम्मेदारों के साथ एसडीएम राजनारायण त्रिपाठी और सीओ आनंद पांडेय ने एक आवश्यक बैठक कर सावन के एक माह तक मंदिर बंद रखने का निर्णय लिया। बैठक में कोतवाल गौरव सिंह, चौकी इंचार्ज सत्येंद्र यादव, ग्राम प्रधान नरेंद्रनाथ भारती, बलदेव भारती, प्रहलाद भारती, ओम अनुपम भारती, चंद्रभान भारती, संतोष भारती, पिंटू भारती, परसुराम भारती, राम श्रृंगार भारती, सुग्रीव भारती, उदयभान भारती, जयनाथ भारती आदि मौजूद रहे।