संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक को कुछ लोग उपचार के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
संयुक्त जिला चिकित्सालय के आकस्मिक चिकित्सा अधिकारी द्वारा कोतवाली खलीलाबाद को भेजे गए मेमो के अनुसार, बुधवार रात करीब 10:35 बजे आकाश (26) निवासी लालबरी, थाना हरपुर बुदहट, जनपद गोरखपुर को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। बताया गया कि युवक काटे चौकी के निकट मिला था।
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए उपनिरीक्षक प्रभांशु राय तथा अन्य पुलिस कर्मियों को आवश्यक अभिलेखों के साथ रवाना किया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।