मेंहदावल। गोरखपुर के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र में पीपीगंज के एक व्यापारी से हुई लूट के मामले में मेंहदावल के कुछ संदिग्धों को पुलिस ने उठाया है। गोरखपुर की एसओजी व पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की है। चर्चा है कि चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल गोरखपुर पुलिस ने हिरासत में लिए गए संदिग्धों के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है।
25 अप्रैल को संतकबीरनगर के थाना क्षेत्र मेंहदावल तथा गोरखपुर के थाना कैंपियरगंज की सीमा पर स्थित राप्ती नदी के पुल पर पीपीगंज के एक व्यापारी से लूट की घटना का मामला प्रकाश में आया था। बढ़याठाठर स्थित पुल पर हुई लूट के मामले में मेंहदावल पुलिस को पीड़ित ने तहरीर दी थी।
जांच के बाद घटना कैंपियरगंज थाना क्षेत्र का निकला। पीड़ित मनोज कुमार गुप्ता वार्ड नंबर दो हनुमत नगर पीपीगंज की तहरीर पर कैंपियरगंज पुलिस ने लूट का रिपोर्ट दर्ज की थी। इस मामले के खुलासे में मुकामी पुलिस के साथ गोरखपुर एसओजी टीम भी लग गई। मंगलवार की देर रात गोरखपुर पुलिस तथा एसओजी गोरखपुर ने संयुक्त अभियान में मेंहदावल क्षेत्र से कुछ लोगों को हिरासत में लेते हुए गोरखपुर ले गई। यह सभी आरोपी लूट की घटना में संदिग्ध माने जा रहे हैं। पीड़ित ने तहरीर में भी मेंहदावल क्षेत्र में स्थित एक व्यक्ति के घर से दावत खाकर वापस जाते समय लूट की घटना होने की बात कही थी। पीड़ित के तहरीर तथा पूछताछ के आधार पर गोरखपुर की पुलिस ने मेंहदावल के जिन संदिग्धों को हिरासत में लिया है उनसे ही लूट की घटना का जुड़ा होना बताया जा रहा है। एसओजी टीम गोरखपुर ने नगर के नौदरी गांव से लोगों को हिरासत में लिया।
नौदरी में जुआ खेलने की चर्चा
मेंहदावल। क्षेत्र के नौदरी गांव से संदिग्धों को उठाया गया है। चर्चा है कि वहां जुआ खेला जाता है। अब कुछ लोगों के हिरासत में लेने का मामला नगर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
कोट,
कैंपियरगंज थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित लूट के मामले में कुछ लोगों को गोरखपुर पुलिस ने पकड़ा है। यह सूचना प्राप्त हुई है, लेकिन किसको हिरासत में लिया गया है, इसकी जानकारी नहीं है।
-सुरेंद्र कुमार सिंह, थानाध्यक्ष मेंहदावल।