संतकबीरनगर। हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज खलीलाबाद में 53वीं जनपद स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 2025 का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए बाल वैज्ञानिकों ने अपने क्रियाशील एवं अक्रियाशील मॉडल प्रस्तुत कर विज्ञान के प्रति अपनी सृजनात्मक सोच और नवीनता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी में हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज, आदर्श जनता इंटर कॉलेज पचपेड़वा, संत कबीर आचार्य रामविलास इंटर कॉलेज मगहर, डीएवी इंटर कॉलेज मेंहदावल, बेनी माधव गोपीनाथ इंटर कॉलेज बखिरा तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटर कॉलेज मेंहदावल के छात्रों ने भाग लिया। प्रदर्शनी में जूनियर वर्ग के कार्यशील मॉडल में रितेश कुमार का मल्टी टास्किंग रोबोट प्रथम तथा विकास बर्नवाल का कटर मशीन द्वितीय स्थान पर रहा।
जूनियर वर्ग के अकार्यशील मॉडल में गोविंद सिंह और रामप्रीत का सर्वाइवल हाउस प्रथम तथा शिवम का सोलर पावर टैक्सी को दूसरा स्थान मिला। सीनियर वर्ग के अकार्यशील मॉडल में आयरिश शेख का स्मार्ट पेन प्रथम तथा प्रियांशु कुमार का स्मार्ट मच्छर नेट दूसरे स्थान पर रहा। जबकि, कार्यशील वर्ग में सुव्रत का स्मार्ट डस्टबिन प्रथम तथा अनुराग गुप्ता का सेव वाटर सिस्टम द्वितीय स्थान पर चयनित हुआ।
संयोजक डॉ. अभिषेक कुमार सिंह की उपस्थिति में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इससे पूर्व प्रदर्शनी का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण कुमार ओझा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। उन्होंने कहा कि बाल वैज्ञानिकों की रचनात्मकता और कल्पनाशीलता देश के वैज्ञानिक भविष्य की आधारशिला है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में नवाचार की भावना जागृत होती है और वे अपने परिवेश की समस्याओं का वैज्ञानिक समाधान खोजने के लिए प्रेरित होते हैं।
कार्यक्रम में जीवविज्ञान प्रवक्ता डॉ. आरके सिंह ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह प्रदर्शनी छात्रों के वैज्ञानिक दृष्टिकोण को निखारने का एक सशक्त मंच है। निर्णायक मंडल में डॉ. आर के सिंह, विनय स्वरूप मि
श्र, डॉ. अभिषेक कुमार सिंह रहे। इस अवसर पर अभय शंकर शुक्ला, बृजलाल, अखिलेश कुमार मौर्य, ललित कुमार, वीरेंद्र गोपाल शुक्ला सहित अनेक शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।