खलीलाबाद- धनघटा- न्योरी मार्ग के चौड़ीकरण की उम्मीद जग गई है। इस मार्ग के सर्वे का कार्य पूरा हो गया है। अब डीपीआर बनाकर शासन को भेजने की तैयारी हो रही है। इस सड़क के बनने से अंबेडकरनगर, आजमगढ़ और प्रयागराज का सफर आसान हो जाएगा। साथ ही इस मार्ग पर पड़ने वाले प्रमुख चौराहों को विकास होगा, जिससे लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
खलीलाबाद से धनघटा होते हुए आंबेडकर नगर के न्योरी तक सड़क चौड़ीकरण की घोषणा दो साल पहले केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने की थी। इसके लिए डीपीआर तैयार करने के लिए दो एजेंसियों को लगाया गया, लेकिन आपसी खींचतान में डीपीआर समय से तैयार नहीं हो सका।
बाद में इस मामले में डीएम के हस्तक्षेप के बाद नए सिरे से सर्वे का कराया गया। अब सर्वे का कार्य पूर्ण हो गया है। एनएचएआई डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने की तैयारी में हैं। यह सड़क करीब 14 मीटर चौड़ी होगी। इससे वाहन फर्राटा भर सकेंगे।
धनघटा चौराहें पर बनेगा फ्लाईओवर
खलीलाबाद- धनघटा- न्योरी मार्ग के चौड़ीकरण के साथ ही धनघटा में फ्लाईओवर बनाने की भी तैयारी है। इससे रामजानकी मार्ग से होकर आने- जाने लोगों को लाभ मिलेगा। साथ ही चौराहे पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही सड़क के किनारे के प्रमुख चौराहों का भी विकास होगा।
इससे व्यवसायिक गतिविधियां बढ़ेगी। इसमें पायलपार, नौरंगिया, विश्वनाथपुर, नाथनगर आदि चौराहे शामिल हैं। भगता निवासी रामानुज, नौरंगिया निवासी सुरेंद्र यादव आदि ने कहा कि सड़क के चौड़ीकरण से विकास की गति तेज होने की उम्मीद है।
दो स्थानों पर बाईपास है प्रस्तावित, एक की मंजूरी मिली
खलीलाबाद-धनघटा मार्ग के चौड़ीकरण के साथ ही खलीलाबाद में दो स्थानों पर बाईपास प्रस्तावित है। इनमें बालूशासन से जोरवा होते हुए एकमा, दुधरा, चकदही के रिंग रोड को शासन की मंजूरी मिल गईहै। इसके साथ ही मंझरिया से कटबंध, नहसापार होकर भी रिंग रोड बनाया जाना प्रस्तावित है। इसके बनने से वाहन फर्राटा भर सकेंगे। यातायात में वृद्धि होने पर अतिरिक्त सेतु का निर्माण कराए जाने का भी प्रस्ताव तैयार कर मंत्रालय को भेजे जाने की तैयारी है।
खलीलाबाद- धनघटा- न्योरी मार्ग के चौड़ीकरण कराया जाना है। इसके लिए सर्वे का कार्य पूर्ण हो गया है। जल्द ही डीपीआर बनाकर शासन को भेजे जाने की तैयारी चल रही है। इसके बाद सड़क के चौड़ीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा:
महेंद्र सिंह तंवर- डीएम