- विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण के प्रति जागरूक करने की कवायद
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में किशोर स्वास्थ्य क्लब का गठन किया जाएगा। इसके जरिये छात्रों को मजबूत बनाया जाएगा। उन्हें रचनात्मक और बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे करीब 90 हजार छात्रों काे लाभ मिलेगा।
क्लब में प्रधानाचार्य, शिक्षक, सीएचओ व हर कक्षा से 10 छात्र शामिल किए जाएंगे। जिले में 20 राजकीय, 34 सहायता प्राप्त और 230 मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में लगभग 1.10 लाख छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करते हैं। विभाग की तरफ से विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण के प्रति जागरूक करने की कवायद तेज हो गई है। सभी विद्यालयों में किशोर स्वास्थ्य क्लब का गठन होगा।
इसका उद्देश्य स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम करना और विद्यार्थियों को सचेत करना है। किशोर स्वास्थ्य क्लब में प्रधानाचार्य, महिला-पुरुष शिक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और प्रत्येक कक्षा में चुने गए 10-10 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। एनसीसी, एनएसएस और स्काउट गाइड भी इसके सदस्य बनेंगे। किशोर स्वास्थ्य क्लब युवाओं को पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य, लैंगिक समानता, नशामुक्ति, हिंसा से बचाव और जोखिम भरे व्यवहार से दूर रहने के लिए जागरूक करेगा।
अधिकारियों के अनुसार माध्यमिक शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग मिलकर कार्य करेंगे। विद्यालयों में किशोर स्वास्थ्य क्लब का गठन कर किशोरावस्था में विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के निराकरण के लिए एक मंच दिया जाएगा।
किशोर स्वास्थ्य क्लब गठित करने के मामले में जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र भेज दिया गया है।
-हरिशचंद नाथ, डीआईओएस