- एचआरपीजी काॅलेज में बीएससी अंतिम वर्ष का था छात्र, दो माह पूर्व हुई थी घटना
संतकबीरनगर। खलीलाबाद क्षेत्र के एचआरपीजी काॅलेज में पढ़ने वाला एक छात्र ऑनलाइन जुआ और ड्रग्स की लत में फंस गया। जिसके चलते उसने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। इस मामले में पुलिस ने तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर जांच कर रही है।
कोतवाली खलीलाबाद के प्रभारी निरीक्षक पंकज पांडेय ने बताया कि बखिरा क्षेत्र के लंगड़ावर निवासी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया है कि बेटा देवव्रत उर्फ राज सिंह एचआरपीजी कॉलेज में बीएससी अंतिम वर्ष का छात्र था। 7 दिसंबर 2024 को मेरे साथ प्रवेशपत्र लेने के लिए आया था। मैं उसे खलीलाबाद छोड़कर बस्ती चला गया। लौटते समय पता चला कि देवव्रत ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। उसे जिला अस्पताल से एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया। वहां से डॉक्टर ने मेडिकल काॅलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
देवव्रत के पिता राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुझे पता चला कि कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के ही कटबंध बनकटवा निवासी धर्मेन्द्र सिंह, बगहिया निवासी आनंद रतन, बनकटिया निवासी शैलेंद्र यादव और महुली क्षेत्र के लखनापार गांव के निवासी समीर खान ने बेटे को ऑनलाइन जुआ और ड्रग्स के धंधे में फंसा लिया था। वह उसे प्रताड़ित कर रुपये भी ले लेते थे। इसी के चलते उसने आत्महत्या कर ली। बेटे की आत्महत्या के बाद गौरव सिंह दिल्ली चला गया। अब वापस आ गया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।