- लेखपाल संघ ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बखिरा क्षेत्र के बढ़याबाबू में रविवार को पैमाइश करने गई राजस्व टीम पर हुआ था हमला
मेंहदावल। बखिरा क्षेत्र के बढ़याबाबू में रविवार को खेल मैदान की पैमाइश करने गई राजस्व टीम पर हमले से नाराज लेखपालों का धरना चौथे दिन भी जारी रहा। लेखपाल संघ ने एसडीएम को ज्ञापन देकर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
संघ के प्रवक्ता शेषदत्त त्रिपाठी और तहसील अध्यक्ष अभिषेक यादव ने कहा कि सरकारी कार्यों के दौरान राजस्व टीम में शामिल लेखपालों के साथ आए दिन हो रहे अभद्र व्यवहार और हिंसक घटनाओं से बचाव के लिए लेखपालों के साथ व्यापक सुरक्षा इंतजाम होना चाहिए। बखिरा क्षेत्र के बढ़या बाबू गांव में लेखपालों के साथ कुछ दबंग लोगों ने मारपीट की। घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हो रही है।
आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कड़ी कार्रवाई होने तक सभी लेखपाल सरकारी कार्यों से विरत रहते हुए धरना प्रदर्शन करते रहेंगे। इस अवसर पर अंकित मिश्र, मोहम्मद मोहसिन, पंकज कुमार, प्रेम शंकर, राम अदीश समेत कई अन्य मौजूद रहे। वहीं खलीलाबाद तहसील परिसर में भी आरोपियों पर कार्रवाई के लिए लेखपालों का धरना प्रदर्शन जारी रहा।