दिन में जलती है स्ट्रीट लाइटें।
- फोटो : अंबरीश मिश्रा
स्थानीय नगर पंचायत के नगर निकाय विभाग के आदेश के बावजूद दिन के उजाले में विभिन्न वार्डों के चौराहों पर लगे स्ट्रीट और हाईमास्ट लाइटें जलती हुई नजर आती है। जबकि नगर विकास विभाग का निर्देश है कि दिन में यदि लाइटें जलने की शिकायत संज्ञान में आती है तो संबंधित ईओ के वेतन से बिल के भुगतान की कार्रवाई की जाएगी । उसके बावजूद स्थानीय नगर पंचायत प्रशासन दिन के उजाले में जलने वाली इन लाइटों को आफ करने की कवायद नहीं शुरू कर पा रहा है । ऐसे में ऊर्जा की लगातार क्षति हो रही है और बिजली का अपव्यय बढ़ गया है ।
मेंहदावल नगर पंचायत के हास्पिटल तिराहा, ठाकुरद्वारा, चौकबाजार, अंजहिया बाजार, बहबोलियां, उत्तरपट्टी, टड़वरिया चौराहा समेत मेंहदावल के पंद्रह वार्डों में स्ट्रीट व हाईमास्ट लाइटें लगाई गई हैं। शाम ढलते ही लाइटें जला दी जाती है पर बिजली कटने के बाद दिन के उजाले में इन लाइटों को बुझाने की जहमत कोई नहीं उठाता। नतीजा यह होता है कि दिन के उजाले में विद्युत आपूर्ति शुरू होते ही नगर पंचायत द्वारा लगी लाइटें जलती रहती है। जहां एक तरफ बिजली संकट बना हुआ है वहीं दूसरी तरफ कस्बावासी लो बोल्टेज से परेशान है। ऐसे में नगर पंचायत प्रशासन दिन के उजाले में हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटों को जला हुआ छोड़कर बिजली का अपव्यय बढ़ा रहा है। वहीं शासन के निर्देशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है ।
विभिन्न वार्डों में लगी स्ट्रीट और हाईमास्ट लाइटें दिन में बुझनी चाहिए । इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। फिर भी दिन में लाइट जलने का शिकायत सामने आ रहा है। इसका स्वत: निरीक्षण कर शासन के निर्देशों का पालन कराया जायेगा ।
उमाकांत मिश्रा, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत