तीन सफाईकर्मियों का वेतन रोका, ग्राम पंचायत महुली में सफाई नहीं होने पर कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) विश्राम प्रसाद ने नाथनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत महुली में तैनात तीन सफाई कर्मियों का एक माह वेतन बाधित किया है। उन्हें दो दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। गांव में सफाई नहीं होने पर कार्रवाई की गई है।
नाथनगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत महुली आबादी और क्षेत्रफल के हिसाब से सबसे बड़ी ग्राम पंचायत है। यहां सफाई व्यवस्था संभालने के लिए चार सफाई कर्मियों की तैनाती हुई है। ग्राम प्रधान शीला यादव की शिकायत पर एडीओ पंचायत विश्राम प्रसाद ने गांव में सफाई की जांच कराई। जांच में पाया गया कि यहां की सभी नाली जाम हैं। जगह-जगह गंदगी पसरी हुई है। थोड़ी-थोड़ी दूरी पर कूड़ा बिखरा पड़ा है। एडीओ पंचायत विश्राम प्रसाद ने बताया कि कार्य के प्रति लापरवाही व अनुशासनहीनता की पुष्टि होने पर राम सेवक, बलवंत व राम सुभग का मई माह का वेतन बाधित किया गया है। इसके साथ ही स्पष्टीकरण मांगा गया है।