बेलहर। शुक्रवार को स्टेट क्वालिटी माॅनिटर रामबाबू साहू ने बेलहर ब्लॉक के गांवों में मनरेगा के तहत हुए विकास कार्यों की जांच की। पांच लाख से ऊपर के कच्चे और 10 लाख से अधिक के पक्के कार्यों का सत्यापन किया।
इंजीनियर रामबाबू साहू बस्ती एवं देवीपाटन मंडल में मनरेगा के तहत हुए कार्यों की जांच की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने शुक्रवार को समंथा, दुधारा, मठियापार, छपवा, बभनी, जिवधरा, कुसुरू खुर्द, कुडीमनमन गांव में विकास कार्यों का हाल जाना। मनरेगा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2024-25 तक कराए गए कार्यों की जांच की।
समथा में कृष्ण चंद्र के घर से पंडित के घर तक नई नाली निर्माण जांच की। नाली पार साइन बोर्ड लगा मिला। नाली की क्वालिटी अच्छी मिली। ग्राम पंचायत दुधारा में इंद्रजीत के खेत से सिद्धनाथ लाहौरी के घर तक मिट्टी एवं खड़ंजा की जांच की। मठिया पार में जीते के घर तक इंटरलाकिंग , बभनी छपवा में भैसाइया मार्ग से मियां के घर तक इंटरलाकिंग देखी। जिवधारा कंपोजिट विद्यालय बाउंड्री वाल की जांच की गई।
उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। एपीओ अनंत कुमार सचिव अनूप कुमार, गिरजेश कुमार यादव, प्रमोद कुमार यादव, सर्वेश कुमार सिंह, ग्राम प्रधान विश्वनाथ मौर्या आदि मौजूद रहे।