सोमवार को लेडुवा-महुआ के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य में मानक विहीन कार्य करने पर नाराजगी जताते हुए सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि सीसी सड़क बनाने में मानकों का उल्लंघन किया जा रहा है। शिकायत करने पर ठेकेदार द्वारा काम रोकने की धमकी दी जाती है।
राजू, समीउल्लाह, अब्दुल वाहिद, अकरम, मो. कैफ अंसारी, ओबैदुल्लाह, अख्तर खान, शब्बीर अहमद ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि करीब दो माह पूर्व सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ था, किन्तु एक पखवाड़े से काम बंद कर दिया गया था। आरोप है कि काफी शिकायत के बाद एक सप्ताह पूर्व गिट्टी डालने का काम शुरू हुआ, किंतु सड़क निर्माण में प्रयुक्त होने वाले सीमेंट, मोरंग व गिट्टी का अनुपात मानक अनुरूप नही होने से सड़क की गिट्टी उखड़ने लगी है।
ग्रामीणों ने बताया कि मौके पर मौजूद ठेकेदार व विभागीय कर्मियों से सड़क की गुणवत्ता की शिकायत करने पर ठेकेदार द्वारा सड़क कार्य ठप्प करने की धमकी दी जाती है। ग्रामीणों ने कहा कि दर्जनों आंदोलन के बाद सड़क निर्माण शुरू हुआ है, किंतु खराब मानक से यदि सड़क बना तो शीघ्र ही सड़क का टूटना भी शुरू हो जाएगा।
ऐसी परिस्थिति से बचने के लिए गुणवत्ताविहीन सड़क निर्माण के खिलाफ ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही जिलाधिकारी से मिलकर शिकायत करेगा। इस बाबत अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी एके दुबे ने बताया सड़क मानक अनुरूप बन रही है, फिर भी ग्रामीणों की शिकायत पर ध्यान दिया जाएगा