संवाद न्यूज एजेंसी
बेलहर। क्षेत्र के ग्राम पंचायत अमरडोभा में शनिवार को ब्लाॅक प्रमुख भूपेंद्र सिंह ने खेल मैदान का भूमि पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गांव में खेल मैदान बन जाने से गांव की खेल प्रतिभाओं को निखारने में मदद मिलेगी। खेल मैदान को हरा भरा रखने के लिए यहां पौधारोपण भी किया जाएगा और साथ ही मैदान में खेल के जरूरी संसाधन भी जुटाए जाएंगे। इस पर कुल नौ लाख रुपये खर्च होंगे।
प्रमुख भूपेंद्र सिंह एवं ग्राम प्रधान महेश लोधी तथा पुरोहित गंगा प्रसाद त्रिपाठी ने मंत्रोच्चार के साथ खेल मैदान का भूमि पूजन करते हुए कहा कि शासन की ओर से गांव में छिपी खेल प्रतियोगिताओं को निखारने के लिए खेल मैदान का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में तमाम प्रतिभाएं छिपी हुई हैं उन्हें अवसर देने के लिए शासन विशेष जोर दे रही है। खेल मैदान परिसर में खेल की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। इस दौरान रामनाथ, सिद्ध नाथ, श्रीराम, अगानू, विन्दू, फुलचंद, श्याम सुंदर आदि मौजूद रहे।