- रोगियों को सर्तकता बरतने की सलाह
- जिला अस्पताल में 30 मरीज हृदय रोग के पहुंच रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मौसम में बदलाव व भागदौड़ भरी जिदंगी में सेहत का ख्याल न रखने से हृदय रोगियों की संख्या बढ़ रही है। जिला चिकित्सालय के ओपीडी में पहुंची 30 वर्षीय बड़गो निवासी निरजा ने चिकित्सक को बताया कि सीने में दर्द हो रहा है, चक्कर और बेचैनी भी है। चिकित्सक ने ईसीजी व अन्य जांच कराया तो पता चला कि वह हृदय रोग की चपेट में है। रोज हृदय रोग के ऐसे 15 से 20 मरीज चिकित्सालय पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल के डॉक्टर हृदय रोग विशेषज्ञ न होने के कारण गंभीर मरीजों को बीआरडी मेडिकल काॅलेज गोरखपुर भेज देते हैं।
दिन में तेज धूप और सुबह-शाम सर्दी से वायरल के मरीज ही नहीं हृदय रोगियों की संख्या भी बढ़ रही है। औसतन प्रतिदिन 1500 की ओपीडी में 30 से अधिक हृदय रोगी जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। परामर्श चिकित्सक लक्षणों के आधार पर जांच कराने के बाद गंभीर मरीजों को उपचार व एंजीओग्राफी आदि के लिए बीआरडी मेडिकल काॅलेज गोरखपुर भेज देते हैं। जबकि सामान्य हृदय रोगियों का इलाज करते हैं।
हृदय रोगियों को जांच व दवा देने के साथ डॉक्टर धूप में पूरे कपड़े पहनने की सलाह दे रहे हैं। साथ ही नमक का कम सेवन व उच्च रक्तचाप, मधुमेह के रोगियों को सतर्कता बरतने की जरूरत है।
-बचाव के उपाय
ठंड से बचें
खानपान संतुलित रखें।
नमक कम खाएं।
नशे से परहेज करें।
भारी काम से परहेज करें।
नियमित योग और व्यायाम करें।
बदलते मौसम और खानपान में सर्तकता न बरतने वाले लोग हृदय रोग की चपेट में आ रहे है। वैसे तो ठंड के मौसम में हृदय रोगियो की संख्या बढ़ती है, लेकिन सुबह-शाम सर्दी और दोपहर में गर्मी को लोग नहीं समझ पा रहे हैं। यह हृदय रोग और हार्ट अटैक के खतरे को बढ़ाता है। उच्च रक्तचाप और मधुमेह के रोगियों को और सावधान रहने की जरूरत है।
- डॉ. फराज अहमद, फिजीशियन, जिला अस्पताल