खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने के लिए न्याय पंचायत स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। ऐसा करके गांवों में छुपी प्रतिभाएं निखारी जाएंगी। स्कूलों और स्टेडियम में रोड मॉडल के रूप में पीवी सिंधु और साक्षी मलिक की तस्वीर लगाई जाएगी।
खेलों से युवाओं में घटती रुचि चिंता का विषय बन गई है। खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं में रुचि पैदा करने की पहल डीएम ने की है। इसके तहत न्याय पंचायत स्तर पर नियुक्त न्याय पंचायत समन्वयक और ब्लॉक स्तर पर ब्लॉक सह समन्वयक और बीईओ को जिम्मेदारी दी गई है। स्कूलों में कम से कम किसी एक खेल की सामग्री उपलब्ध रहना अनिवार्य होगा। स्कूलों में टूर्नामेंट आयोजित होंगे। क्रिकेट, खो-खो, कबड्डी, बास्केटबाल, टेबिल टेनिस, कुश्ती, बास्केट बाल, हॉकी, फुटबाल, हैंडबॉल आदि खेलों में विद्यार्थियों की रुचि पैदा की जाएगी।
खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियाें को टी शर्ट, कैप आदि पुरस्कार में दिए जाएंगे। ब्लॉक, तहसील और जिला स्तर पर आयोजित होने वाले खेलों में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों में चैंपियन खिलाड़ी को डीएम स्तर से अलग से पुरस्कृत किया जाएगा। डीएम डॉक्टर सरोज कुमार ने कहा कि खेल को बढ़ावा दिए जाने की दिशा में सार्थक पहल होगी। स्कूलों में कम से कम एक खेल का सामान अवश्य उपलब्ध कराया जाएगा। व्यायाम शिक्षक विद्यार्थियों को खेल के प्रति जागरूक करेंगे।
बीएसए और डीआईओएस को निर्देश दिया गया है। स्टेडियम के बहुउद्देश्यीय हाल और स्कूलों में रोड मॉडल के रूप में ओलंपिक में मेडल जीतने वाली खिलाड़ी सिंधु और साक्षी मलिक की तस्वीर लगवाई जाएगी। खेल आपसी प्रेम के भाव को भी जागृत करता है, साथ ही शारीरिक रूप से भी स्वस्थ भी बनाता है।