स्पोर्ट्स स्टेडियम खलीलाबाद।संवाद
संतकबीरनगर। खेल छात्रावास में मानदेय पर प्रशिक्षक रखे जाने को लेकर आवेदन मांगा गया था। इसके लिए तैराकी, वाॅलीबाॅल, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबाॅल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बाॅस्केटबाॅल, कबड्डी आदि के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पात्र होंगे। छह जून तक खिलाड़ियों को आवेदन जमा करना होगा।
स्पोर्ट्स स्टेडियम के उप क्रीड़ा अधिकारी दिपील कुमार ने बताया कि प्रदेश के 44 खेल छात्रावासों में खिलाड़ियों को खेल के बेहतर दांवपेच सिखाने के लिए प्रशिक्षक की आवश्यकता है। इसके लिए मानदेय पर प्रशिक्षक रखे जाएंगे। उनको प्रतिमाह डेढ़ लाख रुपये दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षक को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी होना अनिवार्य है। इसके लिए खिलाड़ी ओलंपिक गेम्स, कामनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, वर्ल्ड कप खेल चुके हों।
अगर जिले में कोई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी है तो वह आवेदन कर सकता है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ी छह जून तक आवेदन कर सकते हैं। जो प्रशिक्षक नियुक्त होंगे उनके कार्यों का छह माह तक मूल्यांकन किया जाएगा। इसके साथ ही तीन साल के लिए उनकी तैनाती होगी।