जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग
- सपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
- राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अपर एसडीएम को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने और हत्या की घटनाओं के खुलासे के लिए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष गौहर अली खां के नेतृत्व में सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। राज्यपाल को संबोधित सात सूत्री मांग पत्र अपर एसडीएम को सौंपा।
जिलाध्यक्ष गौहर अली खां ने कहा कि जिले को तत्काल सूखाग्रस्त घोषित किया जाए। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक माह पूर्व हुए एक ही परिवार के दो लोगों की हत्याओं का अभी तक पर्दाफाश नहीं हो पाया है। यह पुलिस की लापरवाही को दर्शाता है। ऐसी घटना का तत्काल पर्दाफाश किया जाए।
पूर्व विधायक दिग्विजयनारायण उर्फ जय चौबे ने कहा कि प्रशासन समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्राम मोहम्मदपुर कठार में आमी नदी में डूबकर निषाद परिवार के चार बच्चों की मौत हो गई, परंतु प्रशासन द्वारा अभी तक कोई आर्थिक सहायता नहीं प्रदान की गई। पीड़ित परिवार को तत्काल 10-10 लाख रुपये की सहायता दी जाए।
सपा नेता जयराम पांडेय ने कहा कि मंडी समिति में नौ सितंबर को आग लगने के कारण व्यापारियों का भारी नुकसान हुआ है। पीड़ित व्यापारियों को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
इस दौरान पूर्व विधायक अलगू प्रसाद चौहान, जिला उपाध्यक्ष केडी यादव, सुनील सिंह, रामदरश यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष लोरिक यादव, मुहम्मद अहमद, जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष यादव, हनुमान कन्नौजिया, रामनाथ चौरसिया, प्रहलाद यादव आदि मौजूद रहे।