मगहर आमी नदी तट पर छठ पर्व की तैयारी देखते एसपी-स्रोत पुलिस
संतकबीरनगर। छठ महापर्व की तैयारियों के बावत खलीलाबाद अंतर्गत पक्का पोखरा घाट व मगहर स्थित आमी नदी घाट का एसपी संदीप कुमार मीना ने बृहस्पतिवार की शाम को निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा चाकचौबंध किए जाने का निर्देश दिया। भक्ति एवं आस्था का महापर्व छठ पूजा के अवसर पर छठ व्रतियों व श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने के लिए कोतवाली खलीलाबाद अंतर्गत पक्का पोखरा घाट व मगहर स्थित आमी नदी घाट का एसपी ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घाट पर छठ के दौरान आने वाले छठ व्रतियों व श्रद्धालुओं की संख्या के बारे में जानकारी की गई। उपस्थित अधिकारियों को घाट की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, कानून व्यवस्था, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए कई आवश्यक निर्देश दिए गए। एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि जिन घाटों पर पानी अधिक है वहां पर मजबूत बैरिकेडिंग करा दिया जाए व नाव, गोताखोर आदि की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि कोई दुर्घटना न हो सके। साथ ही सभी घाटों पर प्रकाश की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। छठ व्रतियों व श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी या दिक्कत नहीं होनी चाहिए। संवाद