संतकबीरनगर। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर बृहस्पतिवार को कार्यकर्ताओं की बैठक जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 30 अगस्त को जनपद में आ रहे पूर्व सीएम अखिलेश यादव के स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गईं। वह पूर्व सांसद सुरेंद्र यादव की पुण्यतिथि में शामिल होंगे।
जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम ने कहा कि पूर्व सीएम जनपद में आ रहे हैं। वह पूर्व सांसद सुरेंद्र यादव की पुण्यतिथि में शामिल होंगे। कार्यकर्ता उनका जोरदार स्वागत करने की तैयारी में हैं। पूर्व विधायक दिग्विजयनारायण उर्फ जय चौबे ने कहा कि पूर्व सांसद सुरेंद्र यादव जमीनी नेता थे। वह हर वर्ग को साथ लेकर चलते थे। उनकी द्वितीय पुण्यतिथि में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव आ रहे हैं।
ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे अपने नेता के स्वागत में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम गोरखपुर एयरपोर्ट पर उतरेंगे और वहां से कार से जिले में आएंगे। ऐसे में जगह-जगह उनका स्वागत किया जाएगा। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, सपा नेता जयराम पांडेय, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष संतोष यादव, रामदरश यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष लोरिक यादव, आलोक यादव सोनू, राहुल यादव बादल, नित्यानंद यादव, श्यामजी विश्वकर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।