धर्मसिहवा। गहबा गांव के टोला इटौवा में शराबी पति ने पत्नी से विवाद के बाद गोद से छीनकर नौ माह के बेटे को जमीन पर पटक दिया था। घायल बेटे की इलाज के दौरान सोमवार को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में मौत हो गई थी। इस मामले में मंगलवार को पत्नी ने शराबी पति पर गैर इरादतन हत्या के आरोप में केस दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
धर्मसिंहवा क्षेत्र के गहबा गांव के इटौवा टोला निवासी प्रतिमा का आरोप है कि उसके पति हरिश्चंद्र शराब पीने का आदती है। वह आए दिन शराब पीकर आता था उस पर शक करके पीटता था। आरोप है कि रविवार की रात आठ बजे के करीब हरिश्वंद्र शराब के नशे में धुत होकर घर आया और उसे पीटने लगा। वह खुद का बचाव करते हुए बाहर शोर मचाते हुए भागी। लोगों से बचाव के लिए गुहार भी लगाई। आरोप है कि उसके बिस्तर पर नौ माह का बेटा अंकित सोया था। उसे पति ने उठाकर जमीन पर पटक दिया। अंकित के सिर में गंभीर चोटें आई।
घायल बेटे को लेकर पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल गई, जहां से डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में जिला अस्पताल से भी डॉक्टरों ने घायल बेटे की हालत गंभीर देखकर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। सोमवार को मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान बेटे की मौत हो गई। एसओ धर्मसिंहवा अनिल कुमार ने बताया कि पीड़ित पत्नी प्रतिमा की तहरीर पर आरोपी पति हरिश्चंद्र के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार करके पूछताछ की जा रही है। आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता है। उसे शराब पीने की लत है। पत्नी के चरित्र पर शक करने से कभी-कभी वह आपा खो देता था। उसी वजह से अक्सर घर में विवाद होता था।