संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के रायपुर छपिया उर्फ ठोका गांव में रविवार की रात एक बेटे ने शराब पीने से मना करने पर डंडे से प्रहार कर पिता को मार डाला। घटना के बाद जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक आरोपी भाग निकला। बाद में आस-पास के लोग जुट गए। पुलिस सोमवार को आरोपी बेटे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी।
कांटे प्रतिनिधि के अनुसार रायपुर छपिया उर्फ ठोका गांव निवासी 50 वर्षीय सिकंदर पुत्र निरहा रविवार की रात नौ बजे के करीब शराब पीकर अपने घर पहुंचा और उल्टी- सीधी बातें करने लगा। उसी बीच 80 वर्षीय पिता निरहा ने शराब पीने को लेकर उसे डॉट फटकार लगा दी, जिससे नाराज होकर सिकंदर ने डंडे से पीट कर पिता निरहा की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गया। बाद में सूचना पर आस-पास के लोग जुट गए। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया।
रायपुर छपिया उर्फ ठोका निवासी मनोज पुत्र सिकंदर ने बताया कि वह रविवार की शाम को अपने बुआ के घर गंगैईचा गया था। घर पर उसकी मां फूलमती, पिता सिंकदर और बाबा निरहा उम्र 80 वर्ष थे। उसके पिता सिकंदर शराब पीने के आदी हैं। रात में पिता सिकंदर शराब पीकर घर पहुंचे तो बाबा निरहा ने एतराज जताया। आरोप है कि पिता ने डंडे से बाबा निरहा को बाएं हाथ पर मार दिया, जिससे बाबा का बाया हाथ टूट गया। कुछ देर बाद बुढ़ापे और चोट के कारण बाबा निरहा की मौत हो गई। कोतवाल वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित मनोज कुमार की तहरीर के आधार पर उसके आरोपी पिता सिकंदर के खिलदाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।