लोहरौली। दुधारा थाना क्षेत्र के भिउरा गांव में घरेलू विवाद में मां की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने उसके बेटे को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया। आरोप है कि बेटे ने करीब 20 दिन पहले मां की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को घर के दक्षिण तरफ स्थित गड़ही में छिपा दिया था। पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार के बाद ब्रह्मभोज होने पर परिवार में हुई चर्चा के दौरान हत्या का राज सामने आया। इसके बाद मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया।
भिउरा गांव निवासी बंशीलाल गौड़ की पत्नी इमिरता देवी (60) चार सितंबर की रात घर से लापता हो गई थीं। परिजन ने काफी तलाश की लेकिन उनका पता नहीं चला। 17 सितंबर को मकान के दक्षिण तरफ स्थित गड़ही में इमिरता देवी का शव मिला। परिजन ने पुलिस को सूचना दी। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार र दिया गया।
बताया गया कि 23 सितंबर को ब्रह्मभोज के बाद परिवार में हुई बातचीत के दौरान यह बात सामने आई कि इमिरता देवी की हत्या उनके छोटे बेटे पवन कुमार ने की थी। आरोप है कि घरेलू विवाद के दौरान पवन ने मां की गला दबाकर हत्या कर दी और शव गड़ही में छिपा दिया।
इसके बाद मृतका के पति बंशीलाल गौड़ ने दुधारा थाने में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी पवन कुमार के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। एसओ अमित कुशवाहा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए जेल रवाना कर दिया गया है।
परिवार वालों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
बृहस्पतिवार सुबह दुधारा थानाध्यक्ष अमित कुशवाहा पुलिस टीम के साथ वांछित आरोपी की तलाश और संदिग्धों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि पवन कुमार को गांव के बाहर उसके पिता बंशीलाल और भाई ओमप्रकाश ने पकड़ रखा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पवन कुमार को करीब सात बजे अपने कब्जे में ले लिया। पूछताछ और समस्त विधिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी पवन कुमार निवासी भिउरा को न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।