मैलानी से राजकीय डिग्री कॉलेज को जाने वाली टूटी सड़क।
संतकबीरनगर। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद ने शहर के विकास के लिए 15.60 करोड़ रुपये की योजना बनाई थी। इसका प्रस्ताव पालिका बोर्ड की बैठक में पास भी हुआ। इस योजना के तहत शहर के मुहल्लों में सीसी रोड और नाली का निर्माण कराया जाना है।
इसमें विस्तारित क्षेत्र के 16 गांवों लोगों को भी सुविधा प्रदान की जानी थी, लेकिन इस योजना में कहीं कार्य अधूरे हैं तो कहीं पर काम शुरू ही नहीं हो सका है। अब लोगों की भी उम्मीदें टूटने लगी हैं। नगर पालिका परिषद ने करीब 11 महीने पहले विकास के लिए कार्य योजना तैयार की। इसे पालिका बोर्ड की बैठक में पास कराया गया।
इसके तहत शहर के बड़गो में सड़क और नाली का निर्माण, गोलाबाजार उत्तरी में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए नाला व नाली का निर्माण, बनियाबारी से सादिकगंज तक इंटरलॉकिंग, बनियाबारी से खुदवा नाला तक सड़क की दोनों पटरियों पर नाला निर्माण के साथ ही सीमा विस्तारित क्षेत्र के मैलानी में इंटरलाॅकिंग और अन्य कार्य कराए जाने थे, लेकिन अधिकतर स्थानों पर काम शुरू नहीं हो सका है। इसके कारण अब लोगों की उम्मीद टूटने लगी है।
लोगों को मोहल्ले में आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मैलानी से राजकीय महाविद्यालय तक जाने वाली सड़क तो इस कदर बदहाल है कि इस पर चलना भी दूभर है। शहर के बड़गो निवासी जय सिंह ने बताया कि पालिका ने जब प्रस्ताव तैयार किया था तो उम्मीद थी कि सड़क और जल भराव की समस्या दूर होगी, लेकिन यहां काम ही नहीं शुरू किया गया। बनियाबारी निवासी राकेश कुमार ने कहा कि बनियाबारी से सादिकगंज मार्ग इंटरलाॅकिंग होना है, यहां भी कार्य शुरू नहीं हो सका है।