संतकबीरनगर। वोटरों को मनाने की कड़ी मेहनत से गुजरे प्रत्याशियों के समर्थकों में परिणाम जानने की उत्सुकता उनके चेहरे पर साफ छलक रही थी। मतगणना केंद्रों के बाहर मेले जैसा दृश्य था।
गणना शुरू होते ही अंदर प्रत्याशी और मतगणना एजेंटों के चेहरे पर परिणाम आने से पहले तक हवाई उड़ रही थी तो बाहर समर्थक परेशान दिख रहे थे। जीते प्रत्याशी और समर्थकों के चेहरे खुशी से खिल उठ रहे थे,जब कि हारने वाले प्रत्याशी समर्थकों के चेहरे की हवाईयां उड़ रही थीं और जीत की घोषणा से पहले से एहसास हो जाने पर धीरे से खिसक ले रहे थे।
मतगणना सुबह आठ बजे तक शुरू होने का निर्देश था। गांवों से लोग प्रत्याशियों के नतीजे जानने के लिए मतगणना केंद्रों के आसपास पहुंच गए थे। खलीलाबाद ब्लॉक की गणना का केंद्र एचआर इंटर कॉलेज को बनाया गया था। केंद्र के बाहर काफी भीड़ जमा थी।
उसमें युवा, बुजर्ग और कुछ महिलाएं भी शामिल थी। इसके अलावा जिले के अन्य ब्लॉकों की गणना के लिए अलग-अलग मतगणना केंद्रों बनाए गए थे। कई जगह समय से गणना शुरू नहीं हो पाई थी, जिससे अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई थी।
दोपहर बाद क्षेत्र पंचायत सदस्य पद का परिणाम एक-एक करके आना शुरू हुआ। जिस प्रत्याशी की जीत की खबर बाहर भीड़ के बीच पहुंच रही थी, उस प्रत्याशी के समर्थक खुशी से उत्साहित होकर नारेबाजी कर रहे थे। जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों की गणना चल रही थी, परिणाम देर रात आने की उम्मीद से समर्थक थकान महसूस करने लगे थे।
जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों में कौन आगे चल रहा है और कौन पीछे यह कयास लगाए जा रहे थे। डीएम- एसपी और प्रेक्षक गणना केंद्रों पर पहुंच कर जायजा ले रहे थे। खलीलाबाद शहर में एचआर इंटर कॉलेज के बाहर सड़क के दोनों तरफ भीड़ देखने से यहीं लग रहा था कि जैसे मेला लगा हो। ब्लॉक प्रमुख पद के संभावित प्रत्याशी जीतने वाले प्रत्याशियों से संपर्क साध बंधाई दे रहे थे। दिग्गज नेता भी चुनाव के नतीजो का हाल अपने लोगों से फोन से ले रहे थे।