- दूसरे के स्थान पर दे रहा था परीक्षा, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच-पड़ताल शुरू की
- शहर के गन्ना विकास इंटर कॉलेज में प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान पकड़ा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। पुलिस भर्ती की परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचे बिहार के एक सॉल्वर को पुलिस ने पकड़ लिया। कंट्रोल रूम लखनऊ की सूचना पर आरोपी गन्ना विकास इंटर कॉलेज में प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान पकड़ में आया। जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर केस दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर के गन्ना विकास इंटर कॉलेज में पुलिस भर्ती की परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू हुई। बायोमेट्रिक जांच के बाद सभी अभ्यर्थी अपने कक्ष में पहुंच गए। परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों के बीच प्रश्नपत्र वितरित कर दिया गया। इसी बीच लखनऊ कंट्रोल रूम से एक अभ्यर्थी के संदिग्ध होने की सूचना प्राप्त हुई। जिसके बाद परीक्षा संपन्न कराने में जुटे जिम्मेदार उस पर नजर रखने लगे। परीक्षा समाप्त होने के बाद उसे हिरासत में लेकर पुलिस टीम ने जांच-पड़ताल शुरू कर दिया। आरोपी जिले के धनघटा थाना क्षेत्र स्थित रजनौली गांव निवासी शशिकपूर पुत्र चेतराम के स्थान पर परीक्षा देने के लिए केंद्र में घुसा हुआ था।
पुलिस टीम से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान प्रशांत कुमार उर्फ सिंकू पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी जोनी थाना विक्रमगंज जनपद रोहतास बिहार के रूप में हुआ। जिसे घनश्याम ने 20000 रुपये में परीक्षा देने के लिए तैयार किया था। जिसमें से 10000 रुपये ऑनलाइन भेज दिया था। शशिकपूर ने अपना प्रवेशपत्र व आधार कार्ड घनश्याम को दे दिया था। जिसे दोनों ने फोटो एडिट कर उसे उपलब्ध कराया था। रेलवे स्टेशन से प्रशांत को केंद्र तक बाइक से शशिकपूर ने छोड़ा था।
000000000000000
धनघटा थाना क्षेत्र निवासी अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देते हुए एक साॅल्वर को हिरासत में लिया गया है। आरोपी से पूछताछ व जांच-पड़ताल की जा रही है। इसके बाद उसके विरूद्ध अभियोग पंजीकृत कराकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाया जाएगा।
- शशि शेखर सिंह, एएसपी