खलीलाबाद विकास खंड के मोहद्दीनपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय पर शुक्रवार को ग्राम सभा की खुली बैठक प्रधान गेंदा देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में लोगों से गांव के विकास को लेकर प्रस्ताव मांगे गए। इसके बाद आम सहमति से नाली, खड़ंजा, संपर्क मार्ग व तालाब की सफाई आदि को कराने पर सहमति बनी।
बैठक में ग्रामीणों ने गांव में नाली, खड़जा, संपर्क मार्ग, तालाब की खुदाई व उसके सफाई का प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, समाजवादी पेंशन, लोहिया आवास आदि के बारे में कहा कि जो पात्र हो उन्हे ही इसका लाभ मिलना चाहिए। इसके साथ ही गांव वालों ने प्रधान से शौचालय की मांग की। जिस पर प्रधान डिमांड भेजे जाने की बात कही। गांव में ग्रामीणों के पीने के लिए स्वच्छ जल के लिए पानी की टंकी बनाए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसको लेकर गांव में खुशी रही। इसके साथ ही ग्रामीणों ने कोटेदार की शिकायत की। ग्राम पंचायत अधिकारी योगेंद्र गौड़ ने कहा कि
गांव के विकास के लिए ग्रामीणों से प्रस्ताव मांगे गए थे। गांव वालों ने जो प्रस्ताव दिया है उस पर जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा। इस अवसर पर अफसर हुसेन, शमशेर, जमील अहमद, मनोज कुमार, धर्मेंद्र, जीतेंद्र, रामकेश, अमजद, सैयदा खातून, कविता, मंजू समेत अन्य लोग मौजूद रहे।