संतकबीरनगर। सीडीओ जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना एवं बाबूजी कल्याण सिंह ग्राम उन्नति योजना से संबंधित बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें सांसद, विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद के 14 ग्रामीण बाजारों एवं चौराहों में सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जिनकी संख्या 142 है। इसी प्रकार बाबूजी कल्याण सिंह ग्राम उन्नति योजना के अंतर्गत 17 ग्रामों में सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जिनकी कुल संख्या 170 हैं।
बैठक में प्राप्त प्रस्तावों पर सहमति व्यक्त की गई। संबंधित सूची अग्रिम कार्रवाई के लिए निदेशक यूपीनेडा लखनऊ को प्रेषित की जाएगी। इसके उपरांत यूपीनेडा द्वारा नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। बैठक में डीपीआरओ अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।