संतकबीरनगर के बघौडा गांव में अनाथ बच्चों को आर्थिक मदद देते स्कूल के प्रबंधक ।
- फोटो : KHALILABAD
अनाथ बच्चों की मदद में उतरे समाजसेवी
धनघटा/रोसया (संतकबीरनगर)। चार माह के अंदर परिवार के चार लोगों की मौत के बाद बेसहारा हुए पौली ब्लॉक के बघौड़ा गांव के बच्चों की मदद में दान दाताओं ने हाथ बढ़ा दिया है। बुधवार को खलीलाबाद और उदहा से पहुंचे स्वयंसेवी संगठन के लोगों ने बच्चों को आर्थिक सहायता राशि प्रदान की। लोगों ने कहा कि ‘अमर उजाला’ में छपी बच्चों से संबंधित खबर पढ़ने के बाद अपने को यहां आने से रोक नहीं सके।
पौली ब्लॉक के गौरापार गांव के बघौड़ा पुरवे की दलित बस्ती निवासी कन्हैया समेत परिवार के चार सदस्यों की मौत चार माह के अंदर गंभीर बीमारी से हो गई। इससे उनके पांच छोटे बच्चे अनाथ हो गए। इस संबंध में ‘अमर उजाला’25 नवंबर से खबर प्रकाशित कर रहा है। इस पर बच्चों की मदद में लोग आगे आ रहे हैं। बुधवार को बाल आश्रम केंद्र खलीलाबाद के प्रबंधक यादवेंद्र नाथ, राहुल यादव उर्फ बादल, अरुण यादव, विवेक सिंह, विजय गुप्ता, रामसागर , राजकुमार, बुद्धिराम आदि लोग बघौड़ा गांव में पहुंचकर पीड़ित बच्चों से मिले और उनकी आर्थिक मदद की। बुधवार को ही रामनरेश बुद्धिसागर पब्लिक कांवेंट आदर्श इंटर कॉलेज उदहा के प्रबंधक रामउजागिर दूबे भी अनाथ बच्चों की मदद के लिए उनके घर गए और उनकी आर्थिक मदद करने के बाद कहा कि अगर बच्चे पढ़ना चाहते हैं तो इनके पढ़ाई की पूरी जिम्मेदारी उनकी होगी। उनके साथ शिवराम चतुर्वेदी, अनुपम दूबे, बृजभान्र, राजकुमार आदि मौजूद रहे।