सेमरियावां। बढ़ती महंगाई के बीच अब मसालों के दाम भी आम लोगों की रसोई का स्वाद फीका कर रहे हैं। सेमरियावां क्षेत्र के किराना बाजार में पिछले कुछ सप्ताह में लाल मिर्च, धनिया, जीरा, हल्दी और गरम मसाले के दामों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
रसोई का स्वाद बढ़ाने वाले मसालों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। स्थानीय बाजार में जीरा, धनिया, हल्दी, काली मिर्च, लाल मिर्च और गरम मसाला सहित अधिकांश मसालों के दाम पिछले कुछ सप्ताह में बढ़ गए हैं। इससे घरों के मासिक रसोई बजट पर असर साफ दिखाई देने लगा है। सेमरियावां क्षेत्र के बाघनगर, दानोकुइयां, नव्वागांव, चिउटना,सालेहपुर, दुधारा, सेमरियावां, करही, लोहरौली चौराहे व अन्य बाजारों के दुकानदारों इजहारूलहक, कदीर अहमद, समीउर्रहमान, नईमुद्दीन आदि का कहना है कि इस समय जीरा, धनिया और काली मिर्च की कीमतों में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की गई है।
मसालों की नई खेप महंगे दामों पर आने से खुदरा बाजार में भी कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं। वहीं लाल मिर्च, हल्दी और गरम मसाले के दाम भी पहले की तुलना में अधिक हो गए हैं। उत्पादन में कमी, मंडियों में ऊंचे भाव, परिवहन लागत में वृद्धि और बढ़ती मांग के कारण मसालों की कीमतों में तेजी बनी हुई है। यदि यही स्थिति रही तो आने वाले दिनों में दामों में और बढ़ोतरी हो सकती है। गृहणियों का कहना है कि पहले जहां महीने भर का मसाला एक साथ खरीद लिया जाता था, अब लोग जरूरत के हिसाब से कम मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच मसालों के बढ़े दामों ने रसोई का बजट और बिगाड़ दिया है। बाजार से मसाले महंगे मिल रहे हैं। नई खरीद ऊंचे दाम पर होने के कारण खुदरा कीमतों में भी बढ़ोतरी करनी पड़ रही है। फिलहाल कीमतों में जल्द राहत मिलने की संभावना कम दिख रही है। महंगे मसालों के कारण ग्राहक अब कम मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं। पहले जहां लोग एक किलो मसाला खरीदते थे, वहीं अब 100 से 250 ग्राम लेकर काम चला रहे हैं। गृहणियों का कहना है कि सब्जियों के साथ मसालों की महंगाई ने रसोई का मासिक बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है।