महुली। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महुली पुलिस ने शुक्रवार को एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से डेढ़ किलो गांजा और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
एसओ दुर्गेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोलनापुर चौकी प्रभारी एसआई दशरथ कुमार पुलिस टीम के साथ देवापार नहर पुलिया के पास मौजूद थे। वहां एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 1.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पकड़े गए आरोपी की पहचान अंगद चौहान निवासी मझौरा, थाना हरपुर बुदहट, गोरखपुर के रूप में हुई। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बाइक भी जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।