संतकबीरनगर के मेंहदावल रोडवेज परिसर में शुक्रवार दोपहर बस की चपेट में आने से छह वर्षीय बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना से नाराज परिजनों ने परिसर में धरना दिया और रोडवेज के बाहर सड़क जाम कर दिया। वे बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलने पर एसडीएम, सीओ समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
दुर्गा प्रतिमा के पास गया था दिपांश
जानकारी के अनुसार, रोडवेज तिराहा निवासी राजदेव का छह वर्षीय पुत्र दिपांश परिसर में स्थापित दुर्गा प्रतिमा के पास गया था। इसी दौरान रोडवेज बस का चालक वाहन को पीछे कर रहा था। तभी बालक बस की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बालक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। घटना से आक्रोशित परिवार और आसपास के लोगों ने रोडवेज परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद वे धरने पर बैठ गए और रोडवेज के बाहर सड़क जाम कर दिया। परिजनों की मांग थी कि हादसे के जिम्मेदार बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे परिजनसड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। हालांकि, परिजन चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे। मिली जानकारी के अनुसार, शाम करीब साढ़े चार बजे तक परिजन सड़क जाम किए हुए थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।