संतकबीरनगर। हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय खलीलाबाद में बुधवार को प्राचार्य प्रो ब्रजेश त्रिपाठी के नेतृत्व में परीक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाओं की तैयारियों पर चर्चा की गई।
प्राचार्य प्रो. ब्रजेश त्रिपाठी ने बताया कि कल 17 अप्रैल से सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की सम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो रहीं है। जिले में कुल 53 केन्द्रों पर परीक्षाएं संपन्न होंगी। हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय को जिले का नोडल केंद्र बनाया गया है। महाविद्यालय नकलविहीन परीक्षा के लिए कृतसंकल्पित है। महाविद्यालय में तीन चरणों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। महाविद्यालय के नियंता मंडल द्वारा गेट पर चेकिंग की जाएगी।
किसी तरह का इलेक्ट्रानिक सामान जैसे मोबाईल, स्मार्टवाच, ब्लूटूथ आदि बैन रहेगा। परीक्षा के दौरान महाविद्यालय में बाहरी प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके अतिरिक्त परीक्षा कक्ष में चेकिंग के लिए आंतरिक सचलदल का भी गठन किया गया है। बैठक में प्रो. प्रताप विजय कुमार, प्रो. विजय राय, डॉ. अमर सिंह गौतम, डॉ. पूर्णेश नारायण सिंह, डॉ. शशिकांत राव, नेहा सिंह, डॉ. मनोज मिश्र, डॉ. मनोज वर्मा, विद्याभूषण, दीप्शी सिंह आदि शिक्षक मौजूद रहे।