संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय खलीलाबाद में सोमवार को प्राचार्य प्रो. ब्रजेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में परीक्षा संबंधी तैयारी हेतु बैठक हुई। इसमें सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की होने वाली परीक्षा की तैयारियों पर चर्चा की गई। प्राचार्य ने बताया कि 25 नवंबर से सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू होंगी, जो तीन पालियों में होंगी।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में सुचितापूर्ण परीक्षा हेतु सारी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। महाविद्यालय के प्रत्येक कमरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें वॉयस रिकॉर्डिंग की भी सुविधा है जिससे विश्वविद्यालय सीधे भी निगरानी करेगा। मुख्य नियंता प्रो. राजेश चंद्र मिश्र ने बताया कि नियंता मंडल द्वारा महाविद्यालय गेट पर सघन चेकिंग की जाएगी।
परीक्षा के दौरान केवल प्रवेश पत्र एवं पेन ही अंदर जाएगा। किसी भी अन्य प्रकार की सामग्री एवं इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जैसे मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्टवॉच आदि पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति का महाविद्यालय में प्रवेश वर्जित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित नियमों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्राचार्य ने बताया कि परीक्षा को सुगमता से संपन्न कराने के लिए प्रो अमर सिंह गौतम, प्रो. अमित भारती एवं डॉ. पूर्णेश नारायण सिंह को सहायक केंद्राध्यक्ष बनाया गया है।
बैठक डॉ. प्रताप विजय कुमार, डॉ. राम प्रताप, डॉ. विजय मिश्र, डॉ. अमित भारती, डॉ. नेहा सिंह, डॉ. अमित मिश्र, डॉ. विनय सिंह, डॉ. अनुपमपति त्रिपाठी मौजूद रहे।