लुधियाना से लौट रहे राधेश्याम अलीनगर के पास कठिनइया नदी पुल पर बैठे मिले थे
अमर उजाला ब्यूरो
हरिहरपुर(संतकबीरनगर)। बुधवार देर रात गश्त के दौरान यूपी 100 की बाइक टीम (पीआरवी 3308) नाथनगर की ओर जा रही थी। बाइक पर बैठे कांस्टेबल जगराम वर्मा और होमगार्ड इंद्रासन यादव ने अलीनगर के पास कठिनइया पुल पर बैग लेकर बीमार हालत में बैठे एक व्यक्ति को देखा। पूछताछ में उन्हाेंने अपना परिचय राधेश्याम पुत्र रामकेश निवासी नरायनपुर थाना धनघटा बताया। पूछताछ में राधेश्याम ने बताया कि वह लुधियाना में काम करते हैं। वे वहां से गांव जा रहे हैं। महुली पहुंचने में काफी रात हो जाने के कारण कोई साधन नहीं मिला। इस कारण वह पैदल घर जाने की कोशिश कर रहे हैं। पीआरवी टीम के अनुसार राधेश्याम बुखार से पीड़ित थे। टीम ने राधेश्याम को बाइक पर बैठाकर सीएचसी नाथनगर पहुंचाया। उपचार शुरू होने के बाद सूचना परिजनों को मोबाइल से दी। मौके पर सीएचसी पहुंचे परिजनों ने राधेश्याम को सकुशल पाकर खुशी जाहिर की और पीआरवी टीम को धन्यवाद दिया। पुलिस की इस संवेदनशीलता की चर्चा क्षेत्र में चल रही है।