लोहरौली। बीएमसीटी मार्ग पर स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सालय लोहरौली बदहाल है। यहां दवाओं का अभाव है। यह स्थिति तब है, जब करीब 40 गांवों के लोग यहां इलाज के लिए आते हैं। दवाओं के अभाव में जैसे-तैसे अस्पताल संचालित किया जा रहा है।
आयुर्वेदिक चिकित्सालय लोहरौली पर पहले पर्याप्त दवाएं उपलब्ध रहती थीं। आसपास के लोग बड़ी संख्या में इलाज के लिए यहां आते रहे हैं, लेकिन कुछ महीनों से दवाओं की किल्लत शुरू हो गई है। इससे यहां इलाज कराने आने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। यहां पहुंचीं रमावती देवी, सुनील आदि ने बताया कि आयुर्वेदिक चिकित्सालय में कई महत्वपूर्ण दवाएं मिल जाती थीं, लेकिन अब दवाएं नहीं मिल पा रही है।
इस संबंध में क्षेत्रीय युनानी, आयुर्वेदिक अधिकारी डाॅ. नागेंद्र ने बताया कि डीजी से दवाइयों की उपलब्धता के बारे में बात हुई है। उन्होंने बताया कि है कि दो कंपनियों का टेंडर हो गया है, एक और दवा आपूर्ति कंपनी का टेंडर होना है। उसके बाद आयुर्वेदिक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता हो जाएगी।