संतकबीरनगर। बेलहरकला थाना क्षेत्र के स्थिरमवापुर मिश्र गांव में एक दुकान का ताला तोड़कर चोरी नकदी समेत तमाम कीमती सामान उठा ले गए। पुलिस ने दुकानदार की तहरीर पर प्राथमिकी दर्जकर वारदात की जांच तेज कर दी है।
एसओ बेलहरकला अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित वीरेंद्र नाथ मिश्र ने बताया कि वह अपने गांव के दक्षिण खेत में किराना की दुकान खोले हैं। छह अप्रैल को रात में चोर दुकान का ताला तोड़कर करीब पांच हजार रुपये नकद, दो क्विंटल चावल, 50 पैकेट रिफायंड, चायपत्ती, काजू, बादाम, दाल आदि अन्य सामान चोरी कर ले गए।
चोरों ने नल का हैंडल तोड़ दिया और दुकान में रखा इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी उठा ले गए। सात अप्रैल को दुकान पर पहुंचकर यूपी-112 पर वारदात की जानकारी दी। दुकान से चोरी करके ले जाया जा रहा चावल सड़क से उत्तर आबादी तक गिरा हुआ दिखा है।
एसओ ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।