शहर में डिवाइडर पर गमलोंें में लगाए गए पौधे।
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर में ग्रीन बेल्ट बनाने की योजना थी। इसके तहत शहर की सड़कों की दोनों पटरियों पर नीम सहित औषधि पौध लगाए जाने थे।
साथ ही छायादार पौधे भी लगाए जाने की योजना है, ताकि लोगों को गर्मी के मौसम में छांव मिल सके, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कार्य नहीं हो सका है। पालिका प्रशासन ने डिवाइडर पर गमलों में फूल के पौधे लगाकर चुप्पी साध ली है।
पिछले वर्ष नगर पालिका परिषद ने गर्मी को देखते हुए शहर में पौधरोपण की योजना तैयार की थी। इसके तहत मेंहदावल बाईपास से आजाद चौक तथा मुखलिसपुर तिराहे शुगर मिल चौराहे तक आवश्यकता के अनुसार सड़क के दोनों पटरियों नीम, अर्जुन सहित छायादार पौधे लगाए जाने थे। इसके साथ ही शहर के डिवाइडर पर भी गमले में पौधे लगाए जाने की योजना तैयार की गई थी, ताकि हर तरफ हरियाली दिख सके।
पौधे लगाने के बाद उसकी रक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाए जाने का भी खाका तैयार किया गया था। ताकि लोगों को गर्मी में राहत मिल सके, लेकिन पालिका प्रशासन ने डिवाइडरों पर फूलदार पौध लगाकर चुप्पी साध ली। इस योजना के तैयार होने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि गर्मी के मौसम में लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन शहर में कहीं पर भी ग्रीन बेल्ट के लिए काम नहीं हो सका है।
ऐसे में गर्मी के मौसम में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। शहर के निवासी महेश कुमार, ओम प्रकाश आदि का कहना है कि शहर में कहीं पर छाजन नहीं लगा है। ग्रीन बेल्ट बनाए जाने की योजना से काफी उम्मीद थी, लेकिन यह उम्मीद टूट रही है। गर्मी के मौसम में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ेगी।